Haryana Roadways Vacancy 2026 : चंडीगढ़। हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य परिवहन विभाग ने इस वित्त वर्ष में बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर ली है। विभाग की ओर से 2397 परिचालक (कंडक्टर) पदों पर भर्ती के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) को पत्र भेजा जा चुका है।
विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी के अनुसार, सीएम नायब सैनी की सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद परिवहन विभाग ने रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी है। विभाग का कहना है कि आने वाले महीनों में नई बसों की संख्या बढ़ने के कारण स्टाफ की जरूरत भी बढ़ेगी। इसके साथ ही विभाग ने ग्रुप डी के अंतर्गत स्वीकृत, भरे हुए और खाली पदों का पूरा ब्यौरा भी मांगा है। तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों की जानकारी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश सभी महाप्रबंधकों को दिए गए हैं।
Haryana Roadways : 1000 नई सामान्य बसों की होगी खरीद
हरियाणा रोडवेज इस बार 1000 नई सामान्य बसें खरीदने जा रहा है। वहीं महिलाओं और छात्राओं के लिए चलाई जा रही बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। फिलहाल 273 बसें संचालित हो रही हैं, जिन्हें बढ़ाकर 500 तक करने की योजना बनाई गई है। सरकार ने यह घोषणा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए की है, जिससे प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
Haryana Roadways : खाली पद जल्द भरने की तैयारी
बसों की संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए परिवहन विभाग ने रिक्त पदों को जल्द भरने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। विभाग का उद्देश्य है कि नई बसों के आने के बाद संचालन में किसी प्रकार की दिक्कत न आए।
