Hisar to Jodhpur Roadways Bus Timetable : हिसार से राजस्थान के जोधपुर की तरफ जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। काफी दिनों से बंद पड़ी हिसार से जोधपुर के लिए जाने वाली रोडवेज बस दोबारा से शुरू होने वाली है। इसका रूट मैप तैयार कर लिया गया है और टाइमटेबल भी बना ली है। शुक्रवार से यानि 26 सितंबर से यह बस रोजाना जोधपुर से हिसार के बीच चलेगी।
विभागीय अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार हिसार डिपो की बस शाम को 5 बजकर 30 मिनट पर जोधपुर के लिए चलेगी, जो राजगढ़, नागौर होते हुए पहुंचेगी। वापसी में जोधपुर से हिसार की तरफ शाम 6 बजकर 15 मिनट पर चलेगी। इस बस के चलने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी, क्योंकि इतनी लंबी दूरी की सीधी बस सेवा मिलेगी।
बता दें कि हिसार से जोधुपर की दूरी करीब 473 किलोमीटर है। सड़क मार्ग से चलें तो 8 से 9 घंटें का सफर रहता है और हिसार से जोधपुर रूट पर चुरू, फतेहाबाद, सालासर, लक्ष्मणगढ़, सुजानगढ़, नागौर जैसे बड़े शहर आते हैं।
Hisar to Jodhpur : पहले चलती थी लेकिन बाद में हो गई थी बंद
यूं तो हिसार से जोधपुर के लिए सालों से रोडवेज बस चल रही थी और इसकी प्रति किलोमीटर के हिसाब से आमदनी भी अच्छी हो रही थी लेकिन धीरे-धीरे इस रूट पर अवैध परमिट वाली निजी बस का संचालन शुरू हो गया। इससे रोडवेज की आमदनी पर असर पड़ा, क्योंकि निजी बस संचालक राजस्थान की तरफ जाने वाले यात्रियों को हिसार बस स्टैंड के बाहर से ही कैप्चर कर लेते थे और उन्हें प्राइवेट बस में सुविधाओं का लालच देकर बाहर की बाहर बैठाकर ले जाते थे।
रोडवेज व आरटीए अधिकारियों ने अवैध रूप से चल रही निजी बस को बंद करने की जहमत नहीं उठाई, बल्कि कम आदमनी का बहाना बना कर रोडवेज बस को ही बंद कर दिया। बाद में अखबारों में छपी खबरों के अनुसार तत्कालीन डिपो अधिकारियों पर निजी बस माफिया से मिलीभगत के आरोप भी लगे थे लेकिन अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी।
अब दोबारा से बस शुरू होने के बाद यात्रियों को काफी राहत मिली। हिसार रोडवेज के ट्रैफिक मैनेजर प्रीतम कुमार ने बताया कि हिसार से जोधपुर के बीच रोडवेज बस चलाने की पूरी तैयारी कर ली गई है। शुक्रवार शाम को 5.30 बजे हिसार बस अड्डे से बस रवाना होगी। उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया कि वे नई बस सेवा का लाभ उठाएं।




