Jind MLA Fake ID : हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर व जींद से भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिढ़ा के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से रुपये मांगने का मामला सामने आया है। शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में झांझ गेट निवासी सन्नी मग्गू ने बताया कि वह डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा का मीडिया कॉ-आर्डिनेटर है। 22 सितंबर को उनके एक जान-पहचान वाले के फेसबुक अकाउंट पर
“Dr- Krishan Middha Mla” नाम से एक फ्रेंड रिक्वेस्ट प्राप्त हुई। इस आईडी पर डॉ. कृष्ण मिढ़ा का फोटो लगा हुआ था, इसलिए उसने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। कुछ समय बाद उसके पास डॉ. कृष्ण मिढ़ा के नाम से बनी आईडी से मैसेज आया और उससे पैसे की डिमांड की।
Jind MLA के मीडिया कॉर-आर्डिनेटर ने दी शहर थाना को शिकायत
सन्नी मग्गू ने बताया कि उक्त फर्जी आईडी द्वारा लोगों को धोखाधड़ी और जालसाजी में फंसाकर रुपयों की डिमांड की जा रही है। इससे आम लोगों के साथ धोखाधड़ी तो होने की आशंका है ही, साथ ही डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा की प्रतिष्ठा व छवि को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
सन्नी मग्गू ने पुलिस कप्तान से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए फर्जी फेसबुक आईडी बनाने वाले और चलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। शहर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 319 (2), 318 (4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




