Haryana roadways : रोडवेज बसों में पास पर सफर करने वाले विद्यार्थियों को अब इलेक्ट्रिक बसों में भी निश्शुल्क यात्रा की सुविधा मिल गई है। हरियाणा सिटी बस सर्विस लिमिटेड (एचसीबीएसएल) ने निर्देश जारी कर इस सुविधा को प्रदेश की इलेक्ट्रिक बस सेवाओं में लागू कर दिया है। अभी तक यह सुविधा केवल सामान्य बसों तक सीमित थी।
पानीपत डिपो से चार इलेक्ट्रिक बस जींद आती हैं। पिछले दिनों जब मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदेश के अलग- अलग डिपो में चल रही इलेक्ट्रिक बसों का उद्घाटन किया था तो पानीपत डिपो की एक बस केवल सफीदों तक आती थी। चार इलेक्ट्रिक बस जींद तक आती हैं। वहीं अब विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विद्यार्थियों में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा दी है। पहली इलेक्ट्रिक बस दोपहर बाद तीन बजकर 50 मिनट, दूसरी बस चार बजकर 50 मिनट, तीसरी बस पांच बजकर 20 मिनट और चौथी बस शाम पांच बजकर 50 मिनट पर जींद से पानीपत के लिए रवाना होती है।
इलेक्ट्रिक बसों में जींद से पानीपत का किराया लगभग 110 रुपये है, जबकि रोडवेज व परिवहन समिति की बसों में किराया लगभग 80 रुपये है। पानीपत रूट पर परिवहन समिति की 26 बस भी चलती हैं। परिवहन समिति की बसों में विद्यार्थियों के साथ परिचालकों द्वारा बुरा व्यवहार करने की शिकायतें प्राप्त होती हैं। ऐसे में इलेक्ट्रिक बसों में विद्यार्थियों के पास मान्य होने पर सुविधा होगी।

Haryana roadways : जींद डिपो ने भेजी 5 इलेक्ट्रिक बसों की डिमांड
जींद डिपो ने भी मुख्यालय के पास पांच इलेक्ट्रिक बसों की डिमांड भेज रखी है, जो अभी तक नहीं मिली है। ऐसे में पानीपत डिपाे की इलेक्ट्रिक बस का जींद तक संचालन होने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। इलेक्ट्रिक बसों में सफर आरामदायक रहता है। बस में ज्यादा शोर भी नहीं होता और यात्री खुली सीट पर आराम से सफर कर सकते हैं।
रोडवेज नेता संदीप रंगा ने कहा कि सरकार ने विद्यार्थियों के हित में निश्शुल्क यात्रा का निर्णय लिया है, जो सराहनीय है, लेकिन रोडवेज कर्मचारियों को इस सुविधा से बाहर रखना कर्मचारियों के साथ अन्याय है। रोडवेज कर्मचारी प्रतिदिन अपनी ड्यूटी निभाने के लिए विभिन्न स्थानों से डिपो एवं कार्यस्थल तक आते-जाते हैं। कई कर्मचारियों को ड्यूटी पर पहुंचने और ड्यूटी समाप्त होने के बाद घर लौटने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
Haryana roadways : पानीपत की 4 इलेक्ट्रिक बसें आती हैं जींद
पानीपत डिपो की चार इलेक्ट्रिक बस जींद आती है। इलेक्ट्रिक बसों में विद्यार्थियों के पास मान्य हैं। डिपो की ओर से भी मुख्यालय के पास इलेक्ट्रिक बसों की डिमांड भेज रखी है। अभी डिपो को इलेक्ट्रिक बस नहीं मिल पाई है। जैसे ही इलेक्ट्रिक बस आएंगी तो यात्रियों को और भी बेहतर परिवहन सुविधा देने का प्रयास रहेगा। जिस रूट पर यात्रियों की संख्या ज्यादा होती है, उस हिसाब से रूट पर बसों का संचालन किया जा रहा है।
–राहुल जैन, रोडवेज महाप्रबंध जींद डिपो
यह खबर भी पढ़ें : Haryana : हरियाणा रोडवेज में बड़े प्रमोशन, ट्रैफिक मैनेजर बने जीएम, देखें लिस्ट
