Jind news : हरियाणा के जींद शहर का सौंदर्यीकरण बढ़ाने के लिए विशेष योजना के तहत काम किया जा रहा है। ठंडी हलवाई की दुकान से रामराय गेट और झांझ गेट होते हुए रुपया चौक तक माडल सड़क विकसित की जाएगी। वहीं पालिका बाजार को स्मार्ट बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा। इन दोनों परियोजनाओं के एस्टीमेट तैयार करके नगर परिषद की तरफ से मुख्यालय भेजे जा चुके हैं।
मुख्यालय से स्वीकृति मिलते ही दोनों परियोजनाओं के टेंडर लगाए जाएंगे। दोनों प्रोजेक्ट पर 12 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि खर्च होगी। ठंडी हलवाई की दुकान से रुपया चौक तक बनने वाली माडल सड़क का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, फुटपाथ और स्ट्रीट लाइट्स की आधुनिक व्यवस्था की जाएगी। खास बात ये रहेगी, सड़क के दोनों तरफ बड़े साइज के पाइप दबाए जाएंगे। इन पाइप से जहां बरसाती पानी की निकासी होगी।

वहीं भविष्य में जरूरत पड़ने पर किसी तरह की केबल भी इसी कके अंदर से बिछाई जा सकेगी। जिससे सड़क को नहीं उखाड़ना पड़ेगा। इस पूरे मार्ग पर नाले को भी अंडरग्राउंड किया जाएगा। इस परियोजना का आठ करोड़ 75 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाया गया है। अप्रैल में जींद में हुई रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा की मांग पर इस परियोजना की घोषणा की थी।
Jind news : पालिका बाजार में लाल पत्थर की सड़क बनेगी, सजावटी लाइट लगेंगी
वहीं पालिका बाजार को भी स्मार्ट बाजार के रूप में विकसित करने के लिए पिछले साल डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा ने नगर परिषद अधिकारियों को आदेश दिए थे। इस मार्केट में सजावटी रंगीन लाइट लगाई जाएंगी। बिजली लाइन अंडरग्राउंड की जाएगी। लाल पत्थर की सड़क बनाई जाएगी। सभी दुकानों का पेंट एक जैसा होगा। ग्राहकों के बैठने के लिए मार्केट में बैंच रखे जाएंगे।
जाम ना लगे, इसके लिए वाहनों के लिए बाहर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग से शौचालयों की बेहतर व्यवस्था होगी। इस परियोजना पर करीब 3.46 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। पालिका बाजार में अगर परियोजना सिरे चढ़ती है, तो शहर के दूसरे बाजारों को भी इसी तर्ज पर स्मार्ट बनाने का काम बढ़ाया जाएगा।
Jind news : साैंदर्यीकरण के साथ लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी : डिप्टी स्पीकर
विधानसभा डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा ने कहा कि ठंडी हलवाई की दुकान से रुपया चौक पर मार्ग को माडल सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा। ये शहर के सौंदर्यीकरण को तो बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण होगी। साथ ही शहरवासियों को भी आवागमन के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। पालिका बाजार को भी स्मार्ट बाजार में विकसित करने का उद्देश्य लोगों को बेहतर सुविधा देना है। भीड़भाड़ की बजाय ग्राहकों को घूमने व खरीददारी के लिए अच्छा माहौल मिलेगा।
