Asian Games updates : जींद : एशियन गेम्स में ढाकल गांव के मुक्केबाज सुमित कुंडू का पुरुषों के 70 किलोग्राम वर्ग में पदक की ओर बढ़ता अभियान वीरवार को चोट के कारण थम गया। 23 वर्षीय सुमित का राउंड आफ-16 मुकाबला वीरवार को इराक के अली अल-सराय अली कासिम हमदान के खिलाफ था।
मुकाबले में सुमित ने शुरुआती दो राउंड में बढ़त बनाई। लेकिन तीसरे राउंड की शुरुआत में चोटिल होने के बाद उन्हें मुकाबला छोड़ना पड़ा। कोच वेद प्रकाश ने बताया कि मुकाबले की शुरुआत सुमित के लिए शानदार रही। उन्होंने पहले राउंड में आक्रामक बाक्सिंग करते हुए 5-0 की बढ़त हासिल की। दूसरे राउंड में भी भारतीय मुक्केबाज ने अच्छा प्रदर्शन जारी रखा और 3-2 के स्प्लिट निर्णय से यह राउंड अपने नाम किया।
तीसरे राउंड से पहले सुमित मुकाबले में बढ़त की स्थिति में थे। तीसरे राउंड की शुरुआत में सुमित एक पंच के बाद असहज तरीके से गिरे और उनके घुटने में चोट लग गई। इसके बाद वह ठीक से आगे नहीं बढ़ सके और लंगड़ाते हुए दिखाई दिए। मेडिकल अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद रेफरी ने मुकाबला रोक दिया। इसके चलते इराक के अली अल-सराय को रेफरी स्टाप्ड कान्टेस्ट के जरिए विजेता घोषित किया गया।

सुमित कुंडू ने एशियन गेम्स में अपने अभियान की शुरुआत 21 सितंबर को थाईलैंड के बुनजोंग सिनसिरी के खिलाफ की थी। उस मुकाबले में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-0 के सर्वसम्मत निर्णय से जीत दर्ज की थी और राउंड आफ-16 में जगह बनाई थी। वीरवार का मुकाबला इसलिए भी महत्वपूर्ण था, क्योंकि सुमित शुरुआती दो राउंड के बाद अच्छी स्थिति में थे और क्वार्टर फाइनल की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे थे। हालांकि घुटने की चोट ने उनकी चुनौती को अचानक समाप्त कर दिया।
Asian Games : पहले भी घुटने की चोट के चलते 18 माह खेल से रहे दूर
साल 2023 में भी सुमित कुंडू के घुटने में गंभीर चोट लग गई थी। सर्जरी के बाद उन्हें 18 महीने तक खेल से बाहर रहना पड़ा था। जिससे उनका पेरिस ओलिंपिक 2024 में खेलने का सपना भी टूट गया था। सुमित ने हार नहीं मानते हुए दोबारा वापसी की और कामनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालिफाई किया। हालांकि कामनवेल्थ गेम्स के पहले ही मुकाबले में सुमित कुंडू हारकर बाहर हो गए थे।
Asian games : किस्मत ही खराब है, स्वर्ण पदक की थी उम्मीद
कोच वेदप्रकाश ने मायूस होते हुए कहा कि शायद किस्मत ही खराब है। सुमित मुकाबला जीतने ही वाला था, उससे पहले लगी चोट ने अरमानों पर पानी फेर दिया। एशियन गेम्स में सुमित का खेल शानदार रहा था। जिससे स्वर्ण पदक जीतने की पूरी उम्मीद थी। चोट भी खेल का हिस्सा है। उम्मीद करते हैं, सुमित को लगी चोट ज्यादा गंभीर ना हो और वह जल्द वापसी करे।



