Jind News : जींद : खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने शुक्रवार को डीआरडीए सभागार में जिला परियोजना समिति की बैठक में लोगों की शिकायतें सुनी। बैठक में कुल 13 शिकायतों पर सुनवाई हुई, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया। बाकी शिकायतों पर आगामी कार्रवाई के आदेश दिए।
रजाना खुर्द गांव के लाभ सिंह की शिकायत पर कमिश्नर कोर्ट में मामला लंबित होने के बावजूद जमीन के इंतकाल व खेवट में बदलाव के मामले में मंत्री डीसी डा. वैशाली शर्मा को जांच के आदेश दिए। तत्कालीन नायब तहसीलदार, हलका पटवारी और कानूनगो के नोटिस जारी करने के लिए कहा।
पुलिस की तरफ से मंत्री को बताया गया कि जांच में नायब तहसीलदार ने माना है, ये इंतकाल गलती से हुआ है। शिकायतकर्ता ने कहा कि बाकी भी तो इस तरह के मामले थे, केवल उनकी ही जमीन का इंतकाल कैसे हो गया। ये सब मिलीभगत करके किया गया है। इसलिए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

Jind news : डीसी को दिए जांच के आदेश
मंत्री ने सफीदों एसडीएम पुलकित मल्होत्रा, जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार और मौजूदा नायब तहसीलदार को बुलाकर पूछा कि शिकायतकर्ता जो कह रहा है, क्या गलत है या सही है। सभी अधिकारियों ने कहा, सही है। जिसके बाद मंत्री ने डीसी को इस मामले में कार्रवाई के आदेश दिए। वहीं मालसरी खेड़ा गांव के राममेहर ने पंचायती जमीन पर कब्जे के मामले में पंचायत विभाग पर कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए। वहीं एक कर्मचारी पर कार्रवाई के नाम पर 30 हजार रुपये मांगने के भी आरोप लगाए।
बीडीपीओ ने कहा कि पिछली बैठक में दिए निर्देशानुसार उस पंचायती जमीन को कब्जा मुक्त करवाया जा चुका है। गेट भी लगा दिया गया है। शिकायतकर्ता ने कहा, वह सुबह साढ़े बजे वहां से आया है, मौके पर कोई गेट नहीं लगा है। बीडीपीओ मंत्री को मोबाइल में फोटो दिखाते हुए कहने लगे कि गेट लगा हुआ है। मंत्री ने फोटो देखते हुए बीडीपीओ को फटकार लगाते हुए कहा, क्या तुम बेवकूफ हो, ऐसे प्रजेंटेशन होती है। मंत्री ने परिवेदना समिति के सदस्य की ड्यूटी लगाते हुए कहा कि वे मौके पर जाकर चेक करें और इसकी रिपोर्ट दें। अगर मौके पर गेट नहीं मिलता है, तो बीडीपीओ और एसडीओ को सस्पैंड करेंगे।

Jind news : कर्मचारी पर लगाए रिश्वत मांगने के आरोप
जिस कर्मचारी पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाए थे, उसके खिलाफ भी मंत्री ने डीसी को जांच के आदेश दिए। बैठक में जसविंद्र कौर द्वारा दी गई आपसी पारिवारिक झगड़े की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए खेल राज्य मंत्री ने दो गैर- सरकारी सदस्यों को नियुक्त किया। साथ ही उन्हें डीएसपी, तहसीलदार, संंबंधित एसएचओ और दोनों पक्षों से वास्तविक तथ्यों को जानने के लिए कहा। बैठक में डीसी डा. वैशाली शर्मा, एसपी कुलदीप सिंह, समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी, भाजपा जिलाध्यक्ष तिजेंद्र ढुल, एसडीएम उचाना सुमन यादव आइएएस, डीएमसी अनिल दून मौजूद रहे।
Jind news : शिक्षक ना होने से स्कूल में छात्र संख्या घटी
गांव कोयल निवासी अनिल ने मंत्री को शिकायत दी कि उनके गांव के राजकीय प्राथमिक स्कूल में केवल दो शिक्षक हैं। पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण एक साल में स्कूल में छात्र संख्या 98 से घटकर 72 रह गई। उनके स्कूल में दो और शिक्षक लगाने की मांग एक साल पहले मंत्री बेदी से की थी। दो बाद शिक्षा मंत्री को भी वे मांग पत्र भेज चुके हैं। डीईओ व डीईईओ कार्यालय में भी कई चक्कर लगा चुके हैं।
मंत्री ने डीईईओ को बुलाकर इसका जवाब मांगा। डीईईओ महेंद्र ने कहा कि वीरवार को स्कूल में एक और शिक्षक की व्यवस्था कर दी गई है।बैठक में शिकायतें सुनने के बाद जब मंत्री उठ रहे थे, तभी सिंघाना गांव के ग्रामीण पेयजल सप्लाई में आ रहे गंदे पानी की बोतल लेकर पहुंचे। ग्रामीण सलीम खान ने कहा कि काफी दिनों से पेयजल सप्लाई में गंदा पानी आता है। मंत्री ने सफीदों एसडीएम को इस मामले तुरंत कार्रवाई करते हुए समाधान करवाने के आदेश दिए।
Jind news : खेल स्टेडियों के सुधार के लिए 114 करोड़ जारी
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में व्यवस्था सुधार को लेकर काम कर रही है। वहीं खेल स्टेडियमों के सुदृढ़ीकरण एवं सुधारीकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा फिलहाल 114 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) विभाग द्वारा इस राशि के माध्यम से विभिन्न खेल स्टेडियमों में आवश्यक सुधार एवं विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।
चुनाव आयोग के मामले में कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर मंत्री ने कहा, कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। उनके पास ना नीति है, ना नेतृत्व है और नहीं ही नीयत है। उनको लगातार तीसरी बार देश की जनता ने घर बैठने का काम किया है। चौथी बार भी ऐसा ही होगा। वे पहले अपनी आपस की लड़ाई को सुलझाएं।




