Kabaddi games : जुलाना क्षेत्र के गांव मालवी का बेटा प्रवीन दलाल उर्फ बिल्लु ने पंजाब के अकालगढ़ में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बेस्ट रेडर का अवार्ड अपने नाम किया। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ईनाम के रूप में फोर्ड कंपनी का ट्रैक्टर प्रदान किया गया।
प्रवीन की इस उपलब्धि से मालवी गांव समेत पूरे जुलाना क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जुलाना पहुंचने पर ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। प्रवीन दलाल ने बताया कि पंजाब के अकालगढ़ में 22 से 25 सितंबर तक सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में अलग-अलग क्षेत्रों से कई टीमों और खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रवीन ने अपनी टीम की ओर से खेलते हुए शानदार रेड लगाई और महत्वपूर्ण मुकाबलों में टीम को बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उन्हें प्रतियोगिता का बेस्ट रेडर चुना गया।
बेस्ट रेडर चुने जाने पर आयोजकों की ओर से प्रवीन दलाल को फोर्ड ट्रैक्टर पुरस्कार के रूप में दिया गया। गांव लौटने पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। प्रवीन दलाल किसान परिवार से संबंध रखते हैं। उन्होंने बताया कि खेती-किसानी के साथ-साथ उनका शुरू से ही कबड्डी के प्रति लगाव रहा है। खेल को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने नियमित अभ्यास किया और कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपने खेल में निखार लाया। इससे पहले प्रवीन दलाल दो बार ईनाम में बुलेट बाइक जीत चुके हैं।
सरपंच राजेंद्र जांगड़ा ने बताया कि प्रवीन ने अपनी मेहनत के दम पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि से गांव के अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें बेहतर मंच और उचित मार्गदर्शन देने की है।




