Haryana news : जींद। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी यूनियन हरियाणा संबधित हरियाणा कर्मचारी महासंघ, एटक के राज्य प्रधान निशान सिंह, राज्य महासचिव जयवीर घणघस, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनूप लाठर एवं डिपो प्रधान राममेहर रेढू ने आज संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि हरियाणा रोडवेज में संचालित किलोमीटर स्कीम की बसों द्वारा आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं।
इन बसों के चालक अप्रशिक्षित एवं ठेके पर रखे गए हैं, जिनके कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। यूनियन नेताओं ने कहा कि किलोमीटर स्कीम की बसों का रंग-रूप हू-ब-हू हरियाणा रोडवेज की सरकारी बसों जैसा है, जिससे आम जनता में यह भ्रम फैलता है कि दुर्घटना सरकारी रोडवेज बस के चालक द्वारा की गई है। इससे ईमानदार एवं प्रशिक्षित सरकारी चालकों की छवि तथा पूरे विभाग की साख पर गहरा दाग लग रहा है और विभाग बदनाम हो रहा है।
Haryana news : आम जनता की सुरक्षा पर सवालिया निशान
रोडवेज कर्मचारी यूनियन हरियाणा 1004 कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनूप लाठर ने कहा कि ने बताया कि किलोमीटर योजना के विरोध में रोडवेज कर्मचारियों द्वारा वर्ष 2018 में 18 दिन तक हड़ताल की थी परंतु फिर भी सरकार द्वारा इस योजना को रोडवेज विभाग में लाया गया जो आज प्रदेश की आम जनता की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा रही है।

यूनियन द्वारा बार-बार सरकार को ज्ञापन देकर मांग की गई है कि किलोमीटर स्कीम का ठेका तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए और इन बसों को रोडवेज के नियमित बेड़े में शामिल करके इन पर नियमित, प्रशिक्षित सरकारी चालक नियुक्त किए जाएं।
प्रदेश की जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की बनती है उनकी सुरक्षा को मध्यनजर रखते हुए प्रदेश की जनसंख्या के अनुपात अनुसार रोडवेज विभाग में सरकारी बसों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि छात्र – छात्राएं, आमजन, दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक अपने गंतव्य तक सुरक्षित तरीके से पहुंच सकें।




