New Ration Depot : हरियाणा में खुलेंगे 2,651 नए राशन डिपो, महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण, 10 नवंबर तक आवेदन

Haryana New Ration Depot : हरियाणा में 2651 नए राशन डिपो खुलने जा रहे हैं और इसे लेकर आज से आवेदन शुरू हो गए हैं। 10 नवंबर तक आवेदन किया जा सकता है। बता दें कि हरियाणा में खाली पड़ी 2,651 उचित मूल्य की दुकानों ( राशन डिपुओं) के नए लाइसेंस जारी करने के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। सीएम नायब सिंह सैनी आज यानि 10 अक्टूबर को इसके लिए विशेष रूप से तैयार ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ करेंगे।

सरकार की इस योजना के तहत 33 प्रतिशत राशन डिपो महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं। विभाग ने जिलावार व ग्रामवार खाली डिपुओं की सूची आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है, ताकि आवेदक अपने क्षेत्र की रिक्ति देखकर आवेदन कर सकें। आवेदन की आयु 21 से 45 वर्ष और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास होना अनिवार्य है। आवेदक उसी गांव या वार्ड का मूल निवासी होना चाहिए। बुनियादी कंप्यूटर ज्ञान का प्रमाण पत्र जरूरी है।

ऑनलाइन आवेदन के बाद एरिया इंस्पेक्टर आवेदक के प्रस्तावित स्थल व दस्तावेजों का फील्ड वेरिफिकेशन करेंगे। सत्यापन के समय आवेदक को मूल दस्तावेज, दुकान का लीज या मालिकाना हक पत्र, साइट मैप, स्व-सत्यापित शपथ पत्र दिखाने होंगे। इसके अलावा दो शपथ पत्र देने होंगे। पहला, आवेदक स्थानीय सरपंच या पार्षद का निकट संबंधी न हो और दूसरा, उसका कोई राशन डिपो लाइसेंस पहले कभी रद्द न हुआ हो।

New Ration Depot : ऐसे करें राशन डिपो के लिए ऑनलाइन अप्लाई

सबसे पहले अंत्योदय सरल पोर्टल (https://saralharyana.gov.in) पर लॉगिन कर न्यू एफपीएस लाइसेंस (New FPS Licence) का चयन करें। फिर एचपीडीएस पोर्टल (HPDS) पर जाकर चैक वैकेंसी से अपने वार्ड या गांव में खाली सीट जांचें। इसके बाद फैमिली आईडी दर्ज कर अपना नाम चुनें। पीपीपी से डेटा अपने आप री-डायरेक्ट हो जाएगा। अब प्रस्तावित दुकान का पूरा पता दर्ज कर फॉर्म रिव्यू करें और सबमिट कर दें। अंत में मिले एप्लिकेशन नंबर को सुरक्षित रख लें।

New Ration Depot :  गांव-गांव पहुंचेगा राशन

खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले उपनिदेशक (PDS) सुरेंद्र सैनी का कहना है कि हरियाणा में 2,651 नए राशन डिपुओं के लिए नया पोर्टल 10 अक्टूबर को शुरू होगा। इसका उद्देश्य हर पात्र व्यक्ति तक खाद्यान्न की आसान पहुंच सुनिश्चित करना व युवाओं को आजीविका देना है।

Related Posts
Best 8 Place To Visit In Gurgaon-आभी देखे Best Place for Holi Celebration in 2024