Rajasthan Roadways Ramdevra to Jodhpur : रामदेवरा / जैसलमेर। श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। बाबा रामदेव की पावन नगरी रामदेवरा से जोधपुर जाने वाले श्रद्धालुओं, ग्रामीणों और स्थानीय यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राजस्थान रोडवेज ने रामदेवरा से जोधपुर रूट पर नई बस सेवा शुरू कर दी है, जिससे अब यात्रा पहले से कहीं अधिक आसान और सुविधाजनक हो गई है।
लंबे समय से क्षेत्र के लोगों द्वारा नियमित सरकारी बस सेवा की मांग की जा रही थी। अब राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) ने इस मांग को पूरा करते हुए नई बस सेवा का संचालन शुरू कर दिया है। फलोदी रोडवेज आगार द्वारा संचालित यह बस फलोदी, लोहावट और ओसियां के रास्ते जोधपुर पहुंचेगी। इस नई सुविधा का लाभ केवल रामदेवरा ही नहीं, बल्कि मार्ग में पड़ने वाले कई गांवों और कस्बों के यात्रियों को भी मिलेगा।
Rajasthan Roadways : रामदेवरा से जोधपुर रोडवेज बस टाइमटेबल
- रामदेवरा से जोधपुर के लिए प्रस्थान: सुबह 7:15 बजे
- जोधपुर पहुंचने का समय : सुबह 11:30 बजे
- जोधपुर से रामदेवरा के लिए वापसी : दोपहर 12:15 बजे
- रामदेवरा वापसी : शाम 4:30 बजे
Rajasthan Roadways : ग्रामीणों की लंबे समय से थी मांग
पिछले कुछ वर्षों में कस्बे के भीतर रोडवेज बसों की आवाजाही कम होने से लोगों को निजी वाहनों और महंगे साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा था। इससे ग्रामीणों, छात्रों, मरीजों और व्यापारियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। स्थानीय लोगों ने लंबे समय से नियमित बस सेवा शुरू करने की मांग की थी। अब नई सेवा शुरू होने से शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए जोधपुर जाने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।
नई बस सेवा के पहले दिन स्थानीय ग्रामीणों और यात्रियों में खुशी का माहौल देखने को मिला। लोगों का कहना है कि सुबह जल्दी बस मिलने से वे दिनभर जोधपुर में अपने काम निपटाकर शाम तक वापस घर लौट सकेंगे। पहले दिन इस बस का संचालन चालक तेजाराम बिश्नोई और परिचालक रायपाल सिंह नरावत द्वारा किया गया।
Rajasthan Roadways : श्रद्धालुओं को भी मिलेगा फायदा
यह नई बस सेवा बाबा रामदेव के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और जातरुओं के लिए भी बेहद फायदेमंद साबित होगी। अब उन्हें सुरक्षित और भरोसेमंद सरकारी परिवहन का विकल्प मिलेगा। उम्मीद की जा रही है कि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर आने वाले समय में रोडवेज इस रूट पर बसों के फेरे और बढ़ा सकता है।
