Sirsa News : हरियाणा में परिवहन विभाग द्वारा रोडवेज बसों में फ्री और रियायती पास पर मिलने वाली सभी सुविधाओं को प्राइवेट बसों में भी लागू करने के निर्देश दिए हैं। कुछ प्राइवेट बस ऑपरेटर इन बस पास को लागू करने से इन्कार कर रहे हैं, जिसकी शिकायत के बाद कार्रवाई भी लगातार जारी है। ऐसा ही मामला सिरसा से सामने आया है।
सिरसा में RTO ने एक प्राइवेट बस को बंद कर दिया है, क्योंकि बस ऑपरेटर के खिलाफ शिकायत मिली थी। जिला परिवहन विभाग द्वारा स्पेशल चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। चेकिंग अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाली बसों पर कार्रवाई करते हुए एक बस को बंद कर दिया गया, जबकि दूसरी बस पर भारी जुर्माना लगाया गया।
Sirsa News : ऐलनाबाद-डबवाली और सिरसा-चौटाला रूट पर मिली शिकायतें
दरअसल ऐलनाबाद-डबवाली और सिरसा-चौटाला रूट पर प्राइवेट बस में कॉलेज की छात्राओं से पास फ्री पास होने के बावजूद टिकट काटने का मामला सामने आया। इस मामले में कंडक्टर से जवाब मांगा गया तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और कहने लगा कि प्राइवेट बसों में छात्राओं का पास वैलिड नहीं है। छात्राओं ने कहा कि उनके पास वैध पास हैं। इस पर सहायक सचिव (RTA) ने डबवाली में बस को तुरंत बंद करवा दिया। साथ ही बस संचालक पर 12 हजार रुपये का जुर्माना ठोंक डाला।
दूसरे मामले में सिरसा-चौटाला रूट पर जांच के दौरान एक बुजुर्ग यात्री ने शिकायत दी कि परिचालक ने उनसे पूरी टिकट राशि वसूली, जबकि उन्हें नियमानुसार उससे आधा किराया लिया जाना चाहिए था। उसी बस में मौजूद एक छात्रा ने भी फ्री पास होने के बावजूद टिकट काटने की बात कही। इसके बाद बस ऑपरेटर पर 11 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
सिरसा आरटीओ विभाग के सहायक सचिव राकेश कुमार शर्मा के अनुसार सहकारी समिति और मान्यता प्राप्त बसों में विद्यार्थियों, बुजुर्गों और दिव्यांगों के पास पूरी तरह मान्य हैं। यदि कोई परिचालक इन नियमों का पालन नहीं करता और जबरदस्ती टिकट काटता है तो उसकी शिकायत की जाए, विभाग द्वारा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
