asian games 2026 news : आइची नागोया एशियन गेम्स में भारतीय बाक्सिंग अभियान की शुरुआत जींद जिले के गांव ढाकल के बाक्सर सुमित कुंडू ने शानदार जीत के साथ की है। वहीं 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत कैटेगरी में हिमांशु ने दो रजत पदक जीत कर जींद जिला का नाम रोशन किया है।
10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भारत की टीम ने रजत पदक अपने नाम किया। चीन ने स्वर्ण पदक और भारतीय टीम ने रजत पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम में रुद्राक्ष पाटिल, हिमांशु ढिल्लो व राकेश पार्थ शामिल रहे। जबकि दक्षिण कोरिया को इस प्रतियोगिता में कांस्य पदक मिला। इसके अलावा 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत कैटेगरी में हिमांशु ने भी रजत पदक जीता। हिमांशु ने अपने पहले एशियन गेम्स में ही दो रजत पदक हासिल किए।
asian games 2026 : जींद के हिमांशु का पूरे देश में डंका
व्यक्तिगत फाइनल में हिमांशु ने 252.4 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस तरह 10 मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत ने एक साथ दो पदक हासिल किए। फाइनल से पहले हिमांशु ने क्वालीफिकेशन में 630.0 अंक बनाए और सातवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। फाइनल के दौरान उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और कई मौकों पर शीर्ष स्थान की दौड़ में बने रहे। अंतिम चरण में चीन के शेंग लिहाओ से कड़े मुकाबले के बाद हिमांशु ने रजत पदक सुनिश्चित किया। इससे पहले हिमांशु ने रुद्रांक्ष पाटिल और पार्थ माने के साथ पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भी रजत पदक जीता।

भारतीय टीम ने कुल 1890.1 अंक बनाए जबकि चीन ने 1899.0 अंक के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। हिमांशु ने टीम स्पर्धा में 630.0 अंक का योगदान दिया। हिमांशु के चाचा संदीप ने कहा कि हिमांशु के रजत पदक जीतने पर घर में खुशी का माहौल है। हिमांशु के पिता शमशेर कैथल में रहते हैं और कृषि उत्पाद कंपनी में काम करते हैं। हिमांशु के चाचा ने बताया कि हिमांशु से फोन पर बात हुई थी और उसे खुब शाबाशी दी है। परिवार को उम्मीद है कि हिमांशु आगे भी इसी तरह अच्छा खेलेगा और ओलंपिक में भी पदक लाकर देश का नाम रोशन करेगा।
asian games 2026 : ढाकल के बाक्सर सुमित कुंडू ने शानदार जीत के साथ की शुरूआत
पुरुषों के 70 किलोग्राम भार वर्ग में गांव ढाकल के सुमित कुंडू ने अपने शुरुआती मुकाबले में थाईलैंड के बुंजोंग सिंसिरी को 5-0 से मात देकर अगले दौर यानी राउंड आफ. 16 (प्री क्वार्टर फाइनल) में जगह बनाई। एशियन गेम्स के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार सुमित कुंडू का मुकाबला 21 सितंबर को निस्शियो जिम्नेजियम में हुआ। सुमित कुंडू की इस जीत से ढाकल गांव ही नही बल्कि पूरे जींद और हरियाणा में खुशी का माहौल है। अगला मुकाबला 23 सितंबर को होगा।
गांव ढाकल से निकल कर अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी तक पहुंचने का सुमित कुंडू का सफर संघर्षों से भरा रहा है। सुमित ने 2018 नेशनल स्कूल गेम्स और 2019 खेलो इंडिया गेम्स में स्वर्ण पदक जीता। वर्ष 2021 में उन्होंने अपने पदार्पण पर सीनियर नेशनल चैंपियनशिप का खिताब हासिल किया। 2022 में थाईलैंड ओपन में स्वर्ण पदक जीतने के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई और कामनवेल्थ गेम्स में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया।
asian games 2026 : कबड्डी की महिला टीम ने बांग्लादेश को 42-21 के अंतर से हराया
महिला कबड्डी प्रतियोगिता के पहले मैच में भारत ने बांग्लादेश को 42-21 के अंतर से हराया। अब अगला मैच ईरान के साथ होगा। भारती महिला टीम में गांव हथवाला की पूजा रेडर के तौर पर खेलती है। भारतीय टीम की जीत में पूजा हथवाला का भी विशेष योदान रहा। पूजा ने दस से ज्यादा प्वायंट अर्जित किए। अब अगला मुकालबा 23 सितंबर को होगा।
