Belerkhan School : हरियाणा में कई जगह लोग ये कहते दिख जाते हैं कि सरकारी स्कूल है, क्या ही पढ़ाई होती होगी लेकिन लोगों की इस धारणा को एक स्कूल ने बिल्कुल ही बदल कर रख दिया है। इस स्कूल से पढ़कर बच्चे IIT-NIT तक पहुंच रहे हैं। हम बात कर रहे हैं जींद जिले के नरवाना क्षेत्र के बेलरखां सरकारी स्कूल की।
ग्रामीण आंचल के राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बेलरखां ने शिक्षा के क्षेत्र में कई भ्रम तोड़े हैं। जिसमें पिछले सत्र के एक ही बैच के पांच विद्यार्थी अपनी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन के बलबूते राष्ट्रीय संस्थानों तक पहुंचे हैं। जिनमें इसी बैच के विद्यार्थी आर्यन ने आइआइटी जम्मू में प्रवेश प्राप्त किया, तो विनीत ने आइआइटी भोपाल, मुस्कान ने आइआइएसईआर भोपाल, जयश्री ने एनआइटी श्रीनगर और हर्षदीप ने छोटूराम इंजीनियरिंग कालेज सोनीपत में दाखिला सुनिश्चित किया है।
विद्यार्थी विनीत ने लाला लाजपतराय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय हिसार में वेटरनरी सर्जन के पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया। सफलता के पीछे एक पूरी व्यवस्था बेलरखां स्कूल की कहानी केवल पांच या छह विद्यार्थियों के बड़े संस्थानों में पहुंचने की ही नहीं है। यह उस सोच का भी परिणाम है, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी वही अवसर देने का प्रयास किया गया है। जो सामान्यत: बड़े शहरों के प्रतिष्ठित विद्यालयों में उपलब्ध होते हैं।
Belerkhan School : शहर से गांव में पढ़ने आते विद्यार्थी
आमतौर ग्रामीण आंचल के विद्यार्थी उच्च शिक्षा के साथ स्कूली शिक्षा के लिए भी कभी शहर की ओर जाते थे। लेकिन स्कूल के बदलते परिवेश को देखते हुए आज नरवाना शहर से विद्यार्थी यहां पढ़ने आते हैं। यहां तक कि स्कूल में पढ़ाने वाले अध्यापकों, आसपास स्कूलों के अध्यापकों और कर्मचारियों के बच्चे भी इसी स्कूल में पढ़ने आते हैं, जो अपने आप में एक मिसाल है। पढ़ाई पर कोई असर ना पड़े, प्राचार्य बलजीत गोयत जब कभी आवश्यकता पड़ी, अपने स्तर पर निजी अध्यापक की नियुक्ति का खर्च जेब से उठाते हैं।
उनके नेतृत्व में स्कूल में अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ प्रयोगात्मक शिक्षा, खेल, तकनीक, संस्कृति और कौशल विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। स्कूल की उपलब्धियां केवल उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्कूल की छात्रा प्रिंसा ने राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया था, जो सिरसा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित की गई।
छात्रा लक्ष्मी ने नेशनल मींस-कम-मेरिट स्कालरशिप में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वर्तमान में पिंकी ने विज्ञान सेमिनार में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। स्कूल में आधुनिक सुविधाओं से लैस साइंस पैनोरमा, साइंस क्विज गैलरी, लैंग्वेज लैब, स्पोर्ट्स लैब, एस्ट्रोनामी लैब, अटल टिंकरिंग लैब, बैंकिंग एवं फाइनेंस लैब, फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलाजी, आइटी लैब और मैथ लैब स्थापित हैं।
Belerkhan School : शिक्षक व अभिभावक स्कूल की व्यवस्था व नवाचार देखने आते हैं
प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से शिक्षक और अभिभावक स्कूल की व्यवस्थाओं व नवाचारों को देखने के लिए यहां पहुंचते हैं। इस वर्ष मार्च में केरल के कोल्लम जिले से आए विद्यार्थियों ने भी स्कूल का भ्रमण किया। जबकि ये माना जाता रहा है कि केरल शिक्षा के क्षेत्र में अन्य राज्यों से कहीं बेहतर है।




