Safidon-Amritsar Roadways Bus Time : हरियाणा के जींद जिले के सफीदों क्षेत्र के यात्रियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। सफीदों से अमृतसर के लिए हरियाणा रोडवेज ने नई बस सर्विस शुरू की है। सफीदों अमृतसर रोडवेज बस सेवा का रूट क्या रहेगा और किराया कितना रहेगा और टाइमटेबल क्या रहेगी, इसकी पूरी जानकारी आपको बताते हैं।
रोडवेज के सफीदों सब डिपो द्वारा शुरू की गई यह बस प्रतिदिन सुबह 7 बजे सफीदों से चलेगी। सफीदों से असंध, कैथल, चीका, पटियाला के रास्ते यह बस अमृतसर जाएगी। सफीदों से अमृतसर तक का किराया 515 रुपए निर्धारित किया गया है। वापसी में अमृतसर से सफीदों के लिए बस सुबह 5 बजे चलेगी, जो उसी रूट से वापस आएगी। सफीदों से अमृतसर तक पहुंचने में बस को करीब 10 घंटे का समय लगेगा।
अब तक सफीदों के यात्रियों को अगर अमृतसर जाना होता तो उन्हें पहले जींद आना पड़ता था और इसके बाद नरवाना, संगरूर होते हुए अमृतसर जाना पड़ता था। अब सफीदों से डायरेक्ट अमृतसर की सीधी बस मिलेगी, जिससे यात्रियों को फायदा होगा।

Safidon-Amritsar : बाघा बार्डर, स्वर्ण मंदिर की तरफ जाते हैं श्रद्धालु, यात्री
सफीदों, असंध, कैथल वाले इस रूट के आसपास के गांवों के काफी लोग लुधियाना, अमृतसर की तरफ जाते हैं। कुछ लोग धार्मिक स्थलों की तरफ जाते हैं तो कुछ लोग बाघा बार्डर, स्वर्ण मंदिर जाते हैं। सफीदों निवासी सुनील, मोरखी निवासी विजेंद्र मराठा, असंध निवासी मुकेश, विजेंद्र ने बताया कि इस का यात्रियों को फायदा होगा घर के नजदीक से ही उन्हें सीधी बस सेवा मिलेगी। उन्हें जींद की बजाय सीधे सफीदों से ही बस मिल जाया करेगी।
Safidon-Amritsar : जींद से सुबह साढ़े 9 बजे जाती है अमृतसर की बस
जींद से अमृतसर के लिए सुबह साढ़े 9 बजे प्रतिदिन अमृतसर के लिए रोडवेज बस चलती है। अब सफीदों से भी नई बस चलेगी, जिसके बाद जींद जिले से अमृतसर की बसों की संख्या दो हो जाएगी।
पहली बस सफीदों बस स्टैंड से सुबह सात बजे चलेगी और दूसरी बस जींद बस स्टैंड से साढ़े 9 बजे चलेगी। जींद से अमृतसर रोडवेज बस वाया नरवाना, संगरूर, पातड़ां, लुधियाना होकर जाएगी जबकि सफीदों से अमृतसर जाने वाली रोडवेज बस वाया असंध, कैथल, पटियाला होकर जाएगी।
रोडवेज के जींद डिपो महाप्रबंधक राहुल जैन का कहना है कि सफीदों से अमृतसर के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू हो गई है। इससे यात्रियों, श्रद्धालुओं को काफी फायदा होगा।




