Haryana KM Scheme buses inquiry : हरियाणा में अनुबंध के तहत शामिल की गई किलोमीटर स्कीम की बसों के साथ हो रहे हादसों पर परिवाहन विभाग अब सख्त हो गया है। रोडवेज यूनियनों द्वारा उठाई जा रही लगातार मांग के बाद अब परिवहन विभाग ने सभी महाप्रबंधकों को लैटर जारी कर आदेश जारी किए हैं कि किलोमीटर स्कीम के तहत विभाग में शामिल सभी 510 बसों की जांच की जाए। जो नियमों पर खरा नहीं उतर रही, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
सभी डिपो के महाप्रबंधक अब इन बसों की नियमित रूप से जांच करेंगे और साथ ही निगरानी भी रखेंगे। हालांकि बसों या मालिकों के खिलाफ परमिट रद्द करने, जुर्माना लगाने या दूसरी किस तरह की कार्रवाई होगी, इसका जिक्र पत्र में नहीं किया गया है। लैटर में इतना कहा गया है कि महाप्रबंधक या निरीक्षक स्तर के अधिकारी इसकी रिपोर्ट तैयार करेंगे और अनुबंध की शर्तों के तहत ही कार्रवाई की जाएगी।
Haryana : रोडवेज के निरीक्षक करेंगे नियमित निगरानी
परिवहन विभाग के सूत्रों के अनुसार बताया जा रहा है कि निरीक्षण के दौरान ये चेक किया जा सकता है कि जिन शर्तों के साथ इन बसों को परिवहन विभाग में लीज पर लिया गया था, उन शर्तों को अभी भी पूरा कर रही हैं या नहीं। दरअसल किमी स्कीम की बसों के साथ पिछले लंबे समय से हादसों की शिकायतें आ रही हैं।
इससे रोडवेज की छवि पर असर पड़ रहा था, इसलिए रोडवेज यूनियनों ने विरोध जताते हुए कहा था कि इन बसों पर ड्राइवर ट्रेंड नहीं हैं, जिससे हादसे हो रहे हैं तो वहीं बसें भी पुरानी और खटारा हो चली है, जिनकी समय पर मेंटेनेंस नहीं करवाई जाती।

इसके बाद राज्य परिवहन निदेशालय हरियाण ने 14 अक्तूबर 2026 को लैटर जारी करते हुए कहा कि कार्यालय को 510 किलोमीटर स्कीम की संचालित बसों के संबंध में शिकायतें आ रही हैं, जिसे आमजन के बीच परिवहन विभाग की छवि पर असर पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए इन बसों की जांच और नियमों का पालन सुनिश्वित करने के निर्देश दिए जाते हैं।




