Haryana news Govt school new building : हरियाणा में सरकारी स्कूलों की बिल्डिंग की हालत सुधारने पर 700 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। इसमें 2 हजार से ज्यादा भवनों का निर्माण, रिपेयरिंग, रेनोवेशन का काम शामिल हैं। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने जींद में यह जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का प्लान है कि राजकीय स्कूलों की बिल्डिंगों का आधारभूत ढांडा और मजबूत व बेहतर हो।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा जींद में गोल्ड मेडलिस्ट नीरू ढांडा के सम्मान समारोह में पहुंचे थे। यहां महिपाल ढांडा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों के दौरान शिक्षा विभाग में कई महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। वर्ष 2013-14 के बाद सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम बढ़कर 92 प्रतिशत तक पहुंचा है। प्रदेश में सरकार बनने के बाद विभिन्न राजकीय स्कूलों में लगभग 38 हजार कमरों का निर्माण करवाया गया है।
Haryana news : स्कूलों की कायाकल्प पर खर्च होंगे 700 करोड़ रुपए
सरकारी स्कूलों में आधारभूत ढांचे को और मजबूत करने के लिए लगभग 700 करोड़ रुपये खर्च कर स्कूलों का कायाकल्प करने की योजना है। इसके अतिरिक्त आने वाले समय में दो हजार स्कूलों के लिए नए भवन बनाए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, कौशल और व्यावहारिक क्षमताओं का विकास करना है। इस दौरान शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बताया, एशियन गेम्स में मेडल जीतने वाले खिलाड़ी वीरवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद हरियाणा सरकार की ओर से भी सभी खिलाड़ियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया जाएगा।
जींद से नीरू ढांडा के साथ-साथ तीरंदाजी में गोल्ड जीतने वाली रिटौली की कीर्ति शर्मा, एयर राइफल में सिल्वर मेडल जीतने वाले डाहौला गांव के हिमांशु और कबड्डी खिलाड़ी हथवाला की पूजा भी प्रधानमंत्री से मिलेंगे।




