Haryana Roadways timetable : हरियाणा रोडवेज की बसों में समय पर निर्धारित जगह नहीं पहुंचने की शिकायतों पर परिवहन विभाग ने संज्ञान लिया है। विभाग ने सख्ती दिखाते हुए लैटर जारी कर आदेश दिए हैं कि सभी बसें समय के अनुसार चलें और समय पर गंतव्य पर पहुंचे। अगर दो बार से ज्यादा लेट हुई तो संबंधित अफसर या निरीक्षण पर कार्रवाई हो सकती है।
परिवहन विभाग ने हरियाणा रोडवेज के सभी डिपो महाप्रबंधकों, आईएसबीटी के अधिकारियों को 6 अक्तूबर 206 को जारी पत्र में कहा है कि समय सारिणी के अनुसार बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा सभी बस डिपो के संस्थान प्रबंधक, अड्डा इंचार्ज को सख्ती से यह निर्देश लागू करने के लिए कहा गया है।
अड्डा इंचार्ज सभी काउंटरों पर रजिस्टर को रेगुलर मेंटेंन करवाने का काम करेंगे और बसों का समय या चक्कर मिस हुआ तो इसकी पूरी जानकारी रजिस्टर में होनी चाहिए। बस निर्धारित समयसारिणी के अनुसार कितनी लेट है, यह भी मेंशन करना होगा। इसकी जवाबदेही तय करते हुए मुख्य निरीक्षण की जिम्मेदारी तय की गई है।

Haryana Roadways : लंबी दूरी वाले रूटों पर विभाग की विशेष नजर
परिवहन विभाग द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि लंबी दूरी वाले रूटों पर बसों की समयसारिणी से संबंधित शिकायतें आ रही हैं। एक महीने में किसी भी अंतरराज्यीय या लंब रूट पर बस का एक से अधिक बार समय मिस नहीं होना चाहिए। लोकल रूटों पर एक महीने में दोबार या इससे ज्यादा समय मिस नहीं होना चाहिए। इससे ज्यादा बार समय मिस हुआ तो मुख्य निरीक्षक व निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई होगी।
हरियाणा राज्य परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि बसों के संचालन में समय की पाबंदी जरूरी है। समय पर बस नहीं चलने से यात्रियों को परेशानी होती है और रोडवेज की बेहतर सेवाओं पर भी असर पड़ता है। रोडवेज हमेशा से ही अपनी बेहतर सर्विस के लिए जानी जाती है,ऐसे में इस पर यात्रियों का विश्वास होना जरूरी है। इसलिए रोडवेज बसों के समय और काउंटरों के रिकॉर्ड की निगरानी को और गंभीरता से लिया जाएगा।




