Haryana Roadways Happy Card : हरियाणा रोडवेज में हैप्पी कार्ड पर फ्री का सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। हैप्पी कार्ड फिर से अपडेट होना शुरू हो गए हैं तो वहीं नए बने हैप्पी कार्ड संबंधित डिपो में भेजे जा रहे हैं, ताकि लाभार्थियों को दिए जा सकें। सभी डिपो में ये हैप्पी कार्ड भेजे जा रहे हैं।
हिसार डिपो को भी करीब डेढ़ साल के बाद 70 हजार नए हैप्पी कार्ड मिले हैं। इन कार्डों के आने से उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जो काफी समय से हैप्पी कार्ड का इंतजार कर रहे थे। अब पात्र लाभार्थी हैप्पी कार्ड के जरिए रोडवेज बसों में हर साल एक हजार किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। हिसार रोडवेज हैप्पी कार्ड इंचार्ज अजय कुमार ने बताया कि 70 हजार हैप्पी कार्ड मिल गए हैं। जल्द ही इनके वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Haryana Roadways : जल्द हैप्पी कार्ड का ऑटोमेटिक रिचार्ज सिस्टम शुरू होगा
रोडवेज के अधिकारियों ने बताया कि मुख्यालय जल्द हैप्पी कार्ड का ऑटोमेटिक रिचार्ज सिस्टम शुरू करेगा। इससे यात्रियों को बार-बार रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी और निर्धारित सीमा के अनुसार कार्ड अपने आप अपडेट होता रहेगा। इस सुविधा से पारदर्शिता बढ़ेगी और यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा । अब तक जिले को 2 लाख 12 हजार 432 हैप्पी कार्ड आवंटित किए जा चुके हैं, जिनमें से अधिकांश सक्रिय रूप से उपयोग में हैं।
वहीं दूसरी तरह रोडवेज में हैप्पी कार्ड की नई खेप आने के बाद इनके वितरण को लेकर तैयारी तेज कर दी गई है। विभाग की ओर से कार्ड बांटने के लिए कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया जा रहा है। हैप्पी कार्ड सुविधा उनके लिए काफी लाभकारी साबित हो रही है।
खासकर उन लोगों के लिए जो रोज या नियमित रूप से बसों में सफर करते हैं। गरीब परिवारों को इससे आर्थिक राहत मिल रही है। पहले कार्ड उपलब्ध न होने के कारण कई लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब नई खेप आने से समस्या काफी हद तक हल हो जाएगी।
ये खबर भी पढ़ें : रोडवेज में होगी 2397 परिचालकों की बड़ी भर्ती, सरकारी नौकरी का बड़ा मौका
Haryana Roadways : रोडवेज में होगी 2397 परिचालकों की बड़ी भर्ती, सरकारी नौकरी का बड़ा मौका
