Haryana Census 2027 : जींद। जनगणना 2027 की तैयारियों के बीच प्रशासन ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त रुख अपनाया है। डीसी कार्यालय की ओर से जारी नोटिस में 10 कर्मचारियों से जवाब तलब किया गया है, जो जनगणना प्रशिक्षण/कार्य में गैर हाजिर पाए गए।
जानकारी के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से इन कर्मचारियों को ट्रेनिंग में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद संबंधित कर्मचारी बिना उचित कारण के अनुपस्थित रहे। इस पर प्रशासन ने कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
Census 2027 : कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं आया तो होगी कार्रवाई
नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम 1948 के तहत कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही, विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। डीसी ऑफिस ने सभी कर्मचारियों को 8 मई 2026 तक अपना लिखित जवाब संबंधित कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए हैं। जवाब न देने या संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Census 2027 : अधिकारियों को भी निर्देश
इसके अलावा, सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके अधीन नियुक्त Enumerator और Supervisor जनगणना कार्य में पूरी तरह सक्रिय रहें। यदि कोई कर्मचारी कार्य में लापरवाही करता है तो उसकी सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दी जाए। प्रशासन ने साफ किया है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
यह खबर भी पढ़ें : जींद बस स्टैंड विवाद, जिला अदालत सख्त, रोडवेज के 140 करोड़ फ्रीज
