Haryana Solar Village Gurukul Kheda : जींद। हरियाणा के जींद जिले का गुरुकुल खेड़ा गांव जल्द ही प्रदेश का पहला मॉडल सोलर विलेज बनने जा रहा है। करीब 450 घरों वाले इस गांव में सोलर ऊर्जा परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है और लक्ष्य रखा गया है कि अगले छह महीनों में इसे पूरी तरह सोलर गांव के रूप में विकसित कर दिया जाए।
योजना के तहत (Gurukul khera) प्रत्येक घर पर 2-2 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। पहले चरण में 116 घरों में सोलर सिस्टम इंस्टॉल हो चुका है, जबकि 289 घरों के लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। इस परियोजना पर लगभग 2.50 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिससे गांव में सालाना करीब 12.51 लाख यूनिट बिजली उत्पादन होने का अनुमान है। जींद जिले के इस गुरुकुल खेड़ा गांव में सोलर सिस्टम लगने के बाद ग्रामीणों को बिजली बिल में बड़ी राहत मिलेगी और पूरे गांव को हर साल करीब 62 लाख रुपये से अधिक की बचत होने की संभावना है।
Haryana Solar Village : 2021 में मॉडल सोलर विलेज प्रोजक्ट पर हुआ था काम शुरू
सरकार ने इस योजना को वर्ष 2021 में मॉडल प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया था, जिसमें ग्रामीणों की भी भागीदारी सुनिश्चित की गई। पहले चरण में ग्रामीणों ने 25 प्रतिशत तक आर्थिक योगदान दिया, जिसके बाद काम को गति मिली। इसी चरण में सरकारी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य सरकारी भवनों पर भी सोलर सिस्टम लगाए गए, जिन पर करीब 37.29 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
अब दूसरे चरण में शेष घरों में सोलर पैनल लगाए जाएंगे और बिजली आपूर्ति को पूरी तरह सोलर ऊर्जा से जोड़ा जाएगा। अधिकारियों का दावा है कि इस पहल से न केवल बिजली खर्च में कमी आएगी, बल्कि गांव पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक मिसाल बनेगा। गुरुकुल खेड़ा (Gurukul kheda) का यह प्रोजेक्ट आने वाले समय में प्रदेश के अन्य गांवों के लिए भी मॉडल साबित हो सकता है।
